राजेश शुक्ला ने किया किच्छा में गेहूं खरीद का शुभारंभ, 50 हजार मीट्रिक टन सीमा से किसानों को राहत

किच्छा में गेहूं खरीद का शुभारंभ, 50 हजार मीट्रिक टन क्रय सीमा से किसानों को राहत

किच्छा। 50 हजार मीट्रिक टन की गेहूं क्रय सीमा निर्धारित होने के बाद मंगलवार को नई मंडी, किच्छा में गेहूं खरीद प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया गया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने आजादनगर निवासी लक्ष्मण खुग्गर एवं गिद्धपुरी निवासी किसान रिजवान का गेहूं तुलवाकर खरीद प्रक्रिया की शुरुआत कराई।

इस अवसर पर पूर्व विधायक शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। 50 हजार मीट्रिक टन की क्रय सीमा तय किए जाने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी उपज का समयबद्ध क्रय सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य समय पर मिले और मंडियों में पारदर्शी व सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। नई मंडी में तौल प्रक्रिया शुरू होने से किसानों में उत्साह का माहौल है और वे बिना किसी परेशानी के अपनी फसल बेच सकेंगे।

इस दौरान उपस्थित किसानों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त करते हुए इसे किसान हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया। कार्यक्रम में एसएमआई ओमनारायण मिश्रा, एसएमओ सीमा रावत, क्रय-विक्रय समिति अध्यक्ष मूलचंद राठौर, किसान नेता अमरीक सिंह मंड, मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, मयंक तिवारी, कृष्ण कान्हा तिवारी, सुधीर शाही सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement