*दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर मे राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप के छठे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम*
*चार वर्गों में पदकों का हुआ फैसला, देशभर के फेंसरों ने पेश किया शानदार खेल*
रुद्रपुर, 1 अक्टूबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 के छठे दिन फेंसिंग के रोमांचक मुकाबले हुए। देशभर से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने तेज फुटवर्क, सटीक आक्रमण और मजबूत बचाव का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में पदक जीतने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
छठे दिन सब-जूनियर महिला एपी, सब-जूनियर महिला फॉयल, सब-जूनियर पुरुष एपी और जूनियर पुरुष एपी वर्ग के मुकाबले कराए गए। सब-जूनियर महिला एपी में हरियाणा की जापनूर कौर ने स्वर्ण, वंशिका दलाल ने रजत तथा मित्रा मेनन और पंजाब की श्री कर्षिका ने कांस्य पदक हासिल किया।
सब-जूनियर महिला फॉयल में पंजाब की अंशी पाल ने स्वर्ण पदक जीता। कर्नाटक की मेलविल सहजा फर्नांडिस को रजत, जबकि हरियाणा की यक्षित यादव और महाराष्ट्र की हर्ष किशोर को कांस्य पदक मिला।
सब-जूनियर पुरुष एपी में हरियाणा के तनवीर सिंह ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महाराष्ट्र के प्रबुद्ध गौरव जैन ने रजत तथा हरियाणा के अरमान शाह और रुद्र रुदार ने कांस्य पदक जीता।
जूनियर पुरुष एपी वर्ग में हरियाणा के तरुण तरुण ने स्वर्ण पदक हासिल किया। तमिलनाडु के बर्लिन क्रिस्टो सी. को रजत, जबकि हरियाणा के रुद्र रुदार और तरुण तरुण को कांस्य पदक मिला।
इस दौरान फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव एवं फेंसिंग कॉन्फेडरेशन ऑफ एशिया के महासचिव राजीव मेहता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रुद्रपुर पंजाबी महासभा के अध्यक्ष नितिन भल्ला, महामंत्री अजय चड्ढा व रवि सिदाना, कोषाध्यक्ष यमन बब्बर सहित परविंदर सिंह भाटिया, गुरविंदर सिंह, भूपिंदर सिंह और परस सिंह मौजूद रहे। सोनिया होटल के प्रबंध निदेशक सुधांशु गाबा, ईशान गाबा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी तथा ल्यूमिनस पावर टेक्नोलॉजीज के एजीएम एचआर उत्तम सिंह जंतवाल ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य चेतन सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जुटे तकनीकी अधिकारियों, रेफरी, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित चैंपियनशिप में देशभर के 22 राज्यों से 1,500 से अधिक खिलाड़ी व प्रशिक्षक तथा 350 से अधिक तकनीकी अधिकारी, रेफरी और निर्णायक हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 2 अक्टूबर को होगा। इस दौरान फाइनल मुकाबलों के साथ विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए जाएंगे।


