*स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर चला विशेष अभियान* *महापौर के नेतृत्व में मोदी मैदान में सफाई, सब्जी मंडी में जूट के थैले बांटे और पुरानी तहसील में किया पौधरोपण*

*स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर चला विशेष अभियान*

*महापौर के नेतृत्व में मोदी मैदान में सफाई, सब्जी मंडी में जूट के थैले बांटे और पुरानी तहसील में किया पौधरोपण*

रुद्रपुर। शहरी विकास निदेशालय के निर्देश पर चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गुरुवार को नगर निगम की ओर से शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में मोदी मैदान में सफाई अभियान चलाने के साथ सब्जी मंडी में जूट के थैले वितरित किए गए। वहीं पुरानी तहसील परिसर में मां के नाम एक पेड़ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। अभियान में नगर निगम कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों, पार्षदों, महिला स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों ने भागीदारी की।

अभियान की शुरुआत एक दिन, एक घंटा, एक साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण अभियान के तहत मोदी मैदान में सफाई से हुई। जनप्रतिनिधियों, नगर निगम कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने मैदान के विभिन्न हिस्सों में सफाई कर कूड़ा एकत्र किया। इस दौरान लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं डालने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

इसके बाद मोदी मैदान स्थित सब्जी मंडी में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर निगम की ओर से दुकानदारों और ग्राहकों को जूट के थैले वितरित कर प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग नहीं करने का संदेश दिया गया। लोगों से खरीदारी के दौरान जूट और कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की गई।

पुरानी तहसील परिसर में मां के नाम एक पेड़ अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस दौरान महापौर और अन्य लोगों ने पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। लोगों को बताया गया कि पौधरोपण के साथ पौधों की देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। अभियान के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहा सेवा संकल्प अभियान सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं बन सकता, इसके लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। पर्यावरण मित्र नियमित रूप से सफाई व्यवस्था में जुटे हैं, लेकिन शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं डालना, कूड़े को निर्धारित स्थान पर देना और प्लास्टिक के बजाय जूट व कपड़े के थैलों का इस्तेमाल जैसे छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

महापौर ने कहा कि मां के नाम एक पेड़ जैसे अभियान पर्यावरण संरक्षण को समाज से जोड़ने का काम करते हैं। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और हरा-भरा शहर देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम की ओर से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े अभियान आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे।

अभियान में देवभूमि व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, नरेंद्र अरोरा, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री धीरेन्द्र मिश्रा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, पार्षद संघ अध्यक्ष राजेश जग्गा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, राजीव सिंह, राजू नबियाल, अनुज पाठक, ज्ञानेंद्र चौहान, देवेंद्र बामल, दीपक राठौर, अभिषेक, पार्षद पवन राणा, पार्षद अशफाक, सुशील चौहान, गौरव जुयाल, अजय चड्डा, विजय तोमर, मानवेंद्र सिंह, रेनू शर्मा, उमेद सिंह, शुभम दास, सन्नी खुराना समेत नगर निगम कर्मचारी, स्वयंसेवक और सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement