जेसीज पब्लिक स्कूल का शत-प्रतिशत रिजल्ट, छात्रों ने लहराया परचम
रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए इस वर्ष 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। परीक्षा में कुल 281 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए थे, जिनमें सभी सफल रहे।
परीक्षा परिणाम में अंश श्रीवास्तव ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं प्रत्यूष कुमार नन्दा एवं माही सिंह ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सक्षम शर्मा, हरमनरीत कौर एवं केशिका डसीला ने 98.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के 84 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्टता की श्रेणी में स्थान बनाया, जो अपने आप में एक कीर्तिमान है। इसके अलावा विभिन्न विषयों में 45 विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत अंक हासिल किए। इनमें एआई में 22, विज्ञान में 1, सामाजिक विज्ञान में 3, हिन्दी में 3, अंग्रेजी में 11 तथा संस्कृत में 5 विद्यार्थियों ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की मेहनत एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सुधांशु पंत, प्रधानाचार्य आर.डी. शर्मा एवं मुख्य अध्यापिका लतिका अरोरा ने सभी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए गर्व महसूस किया।







