आईपीएल सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, ₹3.5 करोड़ के नेटवर्क का भंडाफोड़
हल्द्वानी। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, नगदी और करोड़ों रुपये के लेनदेन का हिसाब-किताब बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में अब तक करीब ₹3.5 करोड़ की सट्टेबाजी का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार मुखानी थाना क्षेत्र स्थित एस मोड़ के पास मधुबन कॉलोनी के निकट एक खाली प्लॉट में मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर मुखानी पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। इस दौरान तीन युवक मोबाइल फोन के जरिए लाइव मैचों पर सट्टेबाजी करते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि गुप्ता निवासी दुर्गा कॉलोनी, बनभूलपुरा, रोहित गुप्ता निवासी दुर्गा कॉलोनी, बनभूलपुरा तथा मोहित प्रसाद निवासी नारायण नगर, विक्टोरिया नंबर-1, मुखानी, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टेबाजी में प्रयुक्त छह मोबाइल फोन, ₹51,100 नकद, एक रजिस्टर तथा पेन बरामद किया है। बरामद रजिस्टर में सट्टेबाजी के लेनदेन का विस्तृत हिसाब दर्ज मिला है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रतिदिन लगभग ₹7 से ₹8 लाख तक का सट्टा संचालित करते थे। अब तक नेटवर्क के माध्यम से करीब ₹3.5 करोड़ की सट्टेबाजी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को बरामद मोबाइल फोन और रजिस्टर से नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा संभावित सफेदपोशों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी रवि गुप्ता के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम, महामारी अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुखानी में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।







