मुकंदपुर में सिख समाज ने ठुकराल का भव्य स्वागत किया
ठुकराल बोले—2027 में कांग्रेस की होगी वापसी
भाजपा की नीतियों से जनता त्रस्त: ठुकराल
“पूरे दमखम से लड़ेंगे चुनाव”—ठुकराल का ऐलान
सिख समाज ने दिया ठुकराल को पूर्ण समर्थन
कांग्रेस ही सर्वसमाज के हितों की संरक्षक: ठुकराल
ठुकराल ने कार्यकर्ताओं से चुनाव तैयारी में जुटने का किया आह्वान
रूद्रपुर। कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में ग्रामसभा बरी राई के अंतर्गत ग्राम मुकंदपुर में सिख समाज के लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ठुकराल ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि वे अपने समर्थकों और निष्ठावान कार्यकर्ताओं के दम पर आगामी चुनाव पूरे दमखम के साथ लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त हो चुकी है और प्रदेश में आने वाला समय कांग्रेस के पक्ष में है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के चुनाव में कांग्रेस भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी। ठुकराल ने कहा कि वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली से हर वर्ग निराश है और जनता बदलाव के लिए सही समय का इंतजार कर रही है।
उन्होंने कहा कि सर्वसमाज के हित केवल कांग्रेस पार्टी में ही सुरक्षित हैं, क्योंकि कांग्रेस हमेशा से विकास और भाईचारे की राजनीति करती आई है। साथ ही उन्होंने समर्थकों से अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं सिख समाज के प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे। उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में ठुकराल को अपना पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया।







