होली पर सुरक्षा कड़ी, एसएसपी अजय गणपति ने कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण
ऊधमसिंहनगर, 3 मार्च। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले बाजारों पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना पर ‘जीरो रिस्पॉन्स टाइम’ के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने बताया कि होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को विभिन्न जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
सुरक्षा के विशेष इंतजाम
होली को देखते हुए शहर के प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा पीएसी (PAC), क्यूआरटी (QRT) और सिविल पुलिस के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है।
हुड़दंगियों पर रहेगी सख्ती
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने, स्टंट करने और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।







