*_लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए चुनाव आयोग तैयार_*
नई दिल्ली: चुनाव आयोग नई दिल्ली में लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर पहले भारत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 2026 (आईआईसीडीईएम) की मेजबानी करेगा. आईआईसीडीईएम 2026 चुनाव प्रबंधन और लोकतंत्र के क्षेत्र में भारत द्वारा आयोजित अपनी तरह का सबसे बड़ा वैश्विक सम्मेलन होगा. चुनाव आयोग ने सोमवार को यह जानकारी दी.
चुनाव आयोग ने कहा, ‘ईसीआई पहले आईआईसीडीईएम 2026 के लिए पूरी तरह तैयार है. इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) द्वारा आयोजित तीन दिन की कॉन्फ्रेंस 21 जनवरी से नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगी. चुनाव आयोग ने बताया कि दुनिया भर के 70 से ज्यादा देशों के लगभग 100 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के इसमें हिस्सा लेने की उम्मीद है. साथ ही अंतरराष्ट्रीय संगठन भारत में विदेशी मिशन्स के रिप्रेजेंटेटिव्स और चुनावी क्षेत्र के एकेडमिक और प्रैक्टिसिंग एक्सपर्ट्स भी इसमें शामिल होंगे.
इसमें कहा गया है कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ 21 जनवरी को उद्घाटन सत्र में प्रतिनिधियों का स्वागत करेंगे और कार्यवाही को हरी झंडी दिखाएंगे.
ईसीआई ने कहा कि तीन दिन के प्रोग्राम में चुनाव प्रबंधन निकाय (EMBs) के जनरल और प्लेनरी सेशन शामिल हैं. बयान में कहा गया, ‘राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) के मुख्य चुनाव अधिकारियों (सीईओ) के नेतृत्व में और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक विशेषज्ञों के समर्थन से कुल 36 विषयगत समूह सम्मेलन के दौरान गहन विचार-विमर्श में योगदान देंगे. इन चर्चाओं में 4 आईआईटी, 6 आईआईएमएस, 12 राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) और आईआईएमसी सहित प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी भी होगी.’
चुनाव आयोग ने कहा कि दुनिया भर में चुनाव प्रबंधन निकाय के सामने आने वाली अलग-अलग चुनौतियों पर आगे की बातचीत और सहयोग के लिए चुनाव प्रबंधन निकाय के साथ 40 से ज़्यादा द्विपक्षीय बैठक की जाएंगी. इसके अलावा आयोग आधिकारिक ईसीआईएनईटी भी लॉन्च करेगा, जो चुनाव से जुड़ी सभी जानकारी और सर्विसेज के लिए ईसीआई का वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म है.
चुनाव आयोग ने कहा कि इन इवेंट्स के साथ-साथ एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी जिसमें भारत में चुनाव कराने की अहमियत और मुश्किलों के साथ-साथ चुनाव के दो अहम हिस्सों वोटर लिस्ट तैयार करना और चुनाव कराने को मजबूत करने के लिए आयोग की हाल की कोशिशों को दिखाया जाएगा.
उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े चुनाव, यानी लोकसभा 2024 के चुनाव को दिखाने वाली डॉक्यूसीरीज ‘इंडिया डिसाइड्स’ भी आईआईसीडीईएम-2026 के पहले दिन दिखाई जाएगी. इससे पहले आईआईआईडीईएम के डायरेक्टर जनरल राकेश वर्मा ने कहा कि आने वाला आईआईसीडीईएम, ईएमबीएस के बीच इंटरनेशनल कोऑपरेशन के लिए एक प्लेटफॉर्म का काम करेगा।







