*_गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूपों के गायब होने का मामला: SGPC का चार्टर्ड अकाउंटेंट चंडीगढ़ से गिरफ्तार_*

Spread the love

*_गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूपों के गायब होने का मामला: SGPC का चार्टर्ड अकाउंटेंट चंडीगढ़ से गिरफ्तार_*

अमृतसर: पंजाब पुलिस ने गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूपों (पवित्र प्रतियों) के गायब होने के मामले में पंजाब पुलिस ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी सतिंदर सिंह कोहली शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के सीए के रूप में कार्यरत थे और उन्हें चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया.यह गिरफ्तारी अमृतसर पुलिस द्वारा 7 दिसंबर को SGPC के पूर्व मुख्य सचिव और सीए सहित 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के लगभग तीन सप्ताह बाद हुई है. यह मामला साल 2020 में पावन स्वरूपों के गायब होने से जुड़ा है.अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूपों के गायब होने के संबंध में 7 जुलाई, 2025 को एक एफआईआर दर्ज की गई थी.

उन्होंने कहा, “मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था, जो गहन जांच कर रही है. जांच के दौरान मिलने वाले हर साक्ष्य को रिकॉर्ड में लाया जा रहा है. अन्य आरोपियों के घरों और कार्यालयों की भी तलाशी ली जा रही है, जिसमें चंडीगढ़ स्थित कोहली का परिसर भी शामिल है.”

कमिश्नर ने बताया कि अदालत से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर शनिवार को पंजाब और चंडीगढ़ में कुल 15 स्थानों पर छापेमारी की गई. इनमें चंडीगढ़ में दो स्थान, अमृतसर शहर में आठ और गुरदासपुर, रोपड़, तरनतारन तथा अमृतसर ग्रामीण के विभिन्न स्थान शामिल हैं.

 

भुल्लर ने कहा कि ईश्वर सिंह कमेटी की रिपोर्ट में प्रत्येक आरोपी की भूमिका स्पष्ट कर दी गई है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा, “जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और अधिक गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.”गत वर्ष 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि कई सिख संगठनों द्वारा लापता स्वरूपों की गहन जांच की मांग के बाद यह एफआईआर दर्ज की गई थी. कोहली की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए, पंजाब आप (AAP) के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई के साथ पुलिस जांच अब एक महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है.

इस मामले में की गई कार्रवाई को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और पंजाब सरकार आमने-सामने आ गए हैं. अमृतसर पुलिस ने 7 दिसंबर, 2025 को इस मामले में 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी. हालांकि, शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने दावा किया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है. उन्होंने कहा था, “सरकार इस मामले में राजनीति करके धार्मिक मामलों में दखल दे रही है.”


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *