खेड़ा मुख्य मार्ग से जल्द हटेगा अतिक्रमण – मानक के अनुसार होगा सड़क का चौड़ीकरण

Spread the love

खेड़ा मुख्य मार्ग से जल्द हटेगा अतिक्रमण

– मानक के अनुसार होगा सड़क का चौड़ीकरण

 

रूद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि खेड़ा बस्ती को जाने वाले मुख्य मार्ग से जल्द ही अतिक्रमण हटाकर इसे चौड़ा किया जाएगा। यह घोषणा उन्होंने खेड़ा बस्ती के संभ्रांत लोगों के प्रतिनिधि मंडल से वार्ता के दौरान की। महापौर ने जेई को मार्ग चौड़ीकरण का प्रस्ताव बनाने और अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के दिशा-निर्देश भी दिए।

 

सोमवार को भाजपा संत कबीर मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल के नेतृत्व में खेड़ा बस्ती के लोगों ने महापौर से उनके कार्यालय में मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य रूप से खेड़ा क्षेत्र के मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण की मांग रखी। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि साई मंदिर, किच्छा बाईपास रोड से खेड़ा मेन रोड जो पाल आटा चक्की, इकराम किराना स्टोर, सुल्तान के घर और ईदगाह की दीवार के किनारे-किनारे होते हुए दूधिया मंदिर तक जाती है, नगर निगम के मानचित्र में 9 मीटर चौड़ी अंकित है। लेकिन मार्ग पर लोग अतिक्रमण कर रोड को संकरा कर चुके हैं। इस कारण रोड पर हमेशा जाम रहता है और आने-जाने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्कूल समय में बच्चों के आने-जाने में जाम अधिक होने से दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।

 

प्रतिनिधि मंडल ने याद दिलाया कि माननीय उच्च न्यायालय, नैनीताल के रिट पिटीशन संख्या 46/2023 दिनांक 10/05/2023 में भी इस मार्ग से अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मार्ग का समय पर चौड़ीकरण न होने पर आवागमन, आपातकालीन सेवाओं और क्षेत्रवासियों की सुविधा प्रभावित हो रही है।

 

महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि खेड़ा मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने जेई को मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। महापौर ने कहा कि नगर निगम अतिक्रमण को लेकर पहले ही सख्ती बरत रहा है। मुख्य मार्गों ही नहीं बल्कि लिंक मार्गों और बस्तियों की प्रमुख सड़कों को भी अतिक्रमण मुक्त करने के अभियान में नगर निगम जुटा हुआ है।

 

महापौर ने कहा खेड़ा बस्ती की सड़क को लेकर मैंने पूर्व में जनता को आश्वस्त किया था। अब जल्द ही इस सड़क से अतिक्रमण हटाकर इसका चौड़ीकरण किया जाएगा ताकि जनता को राहत मिले। शहर की कई अन्य लिंक मार्गों को भी खाली कराया जाएगा। इससे प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और आवागमन सुचारू होने से जाम की समस्या भी कम होगी।

 

प्रतिनिधि मंडल में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा ओबीसी मोर्चा रामप्रकाश गुप्ता, चंद्रपाल, जितेंद्र मौर्य, विशाल गंगवार, डॉ. शिवचरण, ज्ञान चंद्र पाल, सोमपाल, अभिषेक, किशन पाल, शाहिद पत्रकार, महबूब अंसारी, मन्नू अंसारी, रोहित पाल, हिमांशु, सूरज, राजेश पाल, रचित गंगवार, जितेंद्र राजपूत सहित अन्य लोग शामिल थे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *