*5,001 दीपों से जगमगाया त्रिशूल चौक, मोदी के दीर्घायु की कामना* ‘*एक दीया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में उमड़ी भीड़, महापौर विकास शर्मा की पहल पर हुआ आयोजन*

*5,001 दीपों से जगमगाया त्रिशूल चौक, मोदी के दीर्घायु की कामना*

‘*एक दीया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में उमड़ी भीड़, महापौर विकास शर्मा की पहल पर हुआ आयोजन*

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार शाम शहर का त्रिशूल चौक 5,001 दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। महापौर विकास शर्मा की पहल पर आयोजित ‘एक दीया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना की।

शाम करीब छह बजे त्रिशूल चौक पर दीप प्रज्वलन का सिलसिला शुरू हुआ। देखते ही देखते पूरा परिसर हजारों दीपों से रोशन हो गया। दीपों की कतारों से त्रिशूल चौक का नजारा आकर्षक नजर आया। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ दीप जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने भी दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्रसेवा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की हैं।

महापौर ने कहा कि अंत्योदय की भावना को केंद्र में रखते हुए गरीबों को आवास, खाद्यान्न और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया गया है। इसके अलावा देश में आधारभूत ढांचे के विस्तार, रक्षा क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लंबे सार्वजनिक जीवन में देश और समाज की सेवा की है। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि ‘एक दीया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री के जन्मदिन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सेवा, समर्पण और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश भी दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की सामूहिक मंगलकामना की। सूर्यास्त के बाद जैसे-जैसे दीप जलते गए, पूरा त्रिशूल चौक रोशनी से नहा उठा। लोगों ने दीपों से सजे इस दृश्य को मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, सीडीओ दिवेश शासनी, दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री धीरेंद्र मिश्रा, मोहन तिवारी, वरिष्ठ नेता अनिल चौहान, सुरेश कोली, योगेश वर्मा, पार्षद पवन राणा, बीनू, संतोष गुप्ता, नूरुद्दीन अहमद, विष्णु, मानवेंद्र राय, दीपक राठौर, गोविंद शर्मा, संदीप वाल्मीकि, संदीप गुंबर, महिला समूह की सदस्याएं, राजू नबियाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीयूष रंजन, समीर गौर, अक्षय गहलोत, रेनू जुनेजा, गौरव जुयाल समेत पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement