*जवाहर नगर हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा*, *आरोपी गिरफ्तार सीसीटीवी और सुरागरसी से पुलिस पहुंची आरोपी तक, निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद*

*जवाहर नगर हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा*, *आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी और सुरागरसी से पुलिस पहुंची आरोपी तक, निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद*

हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में 29 वर्षीय अमन ठाकुर की हत्या का नैनीताल पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा करते हुए नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर को जवाहर नगर के पार्षद ने बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति बरामदे में मृत मिला। मृतक की पहचान अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। अमन पिछले करीब चार-पांच वर्षों से इसी मकान में रह रहा था।

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के गले पर यू-आकार का निशान मिलने पर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन और एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुरागरसी-पतारसी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।

पुलिस ने 17 सितंबर को निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेन्द्र बाल्मिकी, निवासी वार्ड नंबर 14, जवाहर नगर, थाना बनभूलपुरा, उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मस्ता टेंट हाउस, जवाहर नगर स्थित उसके कार्यस्थल से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद किया गया।

पत्नी से संबंध होने का था शक

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि निक्की उर्फ नाटी को शक था कि अमन ठाकुर के उसकी पत्नी से संबंध हैं। इसी बात को लेकर आरोपी का अपनी पत्नी और अमन से आए दिन विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस इसी विवाद को हत्या के पीछे की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में बनभूलपुरा कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत भी मुकदमा दर्ज है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement