*मोदी के जन्मदिन पर महिलाओं ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’*
*मीना शर्मा बोलीं—प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विश्व पटल पर बनाई नई पहचान*
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गंगापुर रोड पर आयोजित ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की सदस्य एवं रुद्रपुर नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष मीना शर्मा ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी दर्जनों महिलाओं के साथ सहभागिता की। इस दौरान महिलाओं ने आत्मीयता के साथ मीना शर्मा का स्वागत किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। दीपों की रोशनी से कार्यक्रम स्थल जगमगा उठा। इस अवसर पर महिलाओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा की।
मीना शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कर्मयोगी जीवन के माध्यम से देश को विकास की नई दिशा देने के साथ ही भारत की साख को विश्व पटल पर मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री के प्रति देशवासियों के स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा जिस आत्मीयता के साथ कार्यक्रम में स्वागत किया गया, वह उनके लिए भावुक और अविस्मरणीय क्षण रहा।
मीना शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर स्वयं सहायता समूह की बहनों के साथ दीप जलाकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। महिलाओं के स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए मैं हृदय की गहराइयों से उनका आभार व्यक्त करती हूं।”
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


