किच्छा में बेहड़ ने कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन, राजेश प्रताप सिंह के पक्ष में जनसभाएं
किच्छा। नगर पालिका परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। विधायक तिलक राज बेहड़ ने गत रात्रि नगर के विभिन्न वार्डों में सायंकालीन जनसभाएं कर कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह समेत वार्ड प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की।
विधायक बेहड़ ने वार्ड नंबर 9 पुरानी गल्ला मंडी, वार्ड नंबर 8 सैनिक कॉलोनी व नानक नगर, वार्ड नंबर 5 व 6 की संयुक्त सभा तथा वार्ड नंबर 17 और 18 में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं और नगर के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। सभाओं में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
विधायक बेहड़ ने कहा कि किच्छा उनके कार्यकाल में लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्ष से अधिक समय से नगर पालिका प्रशासक के अधीन है, जिसके चलते क्षेत्र के कई विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के नगर पालिका अध्यक्ष बनने पर लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव उनके लिए पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वार्डों में मिल रहे जनसमर्थन से उनकी जिम्मेदारी बढ़ी है। नगर के प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर उनके समाधान के लिए कार्य किया जाएगा।
जनसभाओं के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसंपर्क कर लोगों से मतदान की अपील की। इस मौके पर दर्शन कोली, ओम प्रकाश दुआ, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बबलू चौधरी, लियाकत अंसारी, दानिश मलिक, आरिफ कुरैशी, कलावती, देवकी नंदन, गुरचरण सिंह चन्नी, एम. खान, दिलीप सिंह बिष्ट, जीवन जोशी, राजू बेदी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


