*संदीप अरोड़ा के समर्थन में राजेश शुक्ला ने किया डोर-टू-डोर जनसंपर्क*

*संदीप अरोड़ा के समर्थन में राजेश शुक्ला ने किया डोर-टू-डोर जनसंपर्क*

किच्छा। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भाजपा का जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। गुरुवार को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अध्यक्ष पद के पार्टी प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के साथ वार्ड संख्या 9 पुरानी मंडी और वार्ड संख्या 20 गुरुद्वारा वार्ड में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया। इस दौरान वार्ड 9 की सभासद प्रत्याशी अयोध्या देवी और वार्ड 20 के प्रत्याशी प्रवीन कुमार भी मौजूद रहे।

जनसंपर्क के दौरान राजेश शुक्ला ने मतदाताओं से 22 सितंबर को भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि किच्छा नगर पालिका का चुनाव नगर के विकास और जनसुविधाओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। भाजपा की प्राथमिकता प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। किच्छा के विकास को गति देने के लिए ऐसा नेतृत्व जरूरी है, जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाए।

शुक्ला ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ और परिवार तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष पद प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के साथ सभासद प्रत्याशी भी लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं।

वहीं, संदीप अरोड़ा ने मतदाताओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि किच्छा की जनता उनके लिए मतदाता नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जनता ने सेवा का अवसर दिया तो प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर उनके समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

अरोड़ा ने कहा कि स्वच्छता, सड़क, नाली, जल निकासी, पेयजल और स्ट्रीट लाइट समेत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने 22 सितंबर को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के साथ ही वार्डों के भाजपा सभासद प्रत्याशियों को भी समर्थन देने की अपील की।

इस दौरान अयोध्या देवी और प्रवीन कुमार ने भी वार्डवासियों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। जनसंपर्क अभियान में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement