होमस्टे संचालकों की समस्याओं को लेकर आगे आया टैक्स बार, जल्द होगा जागरूकता कार्यक्रम

होमस्टे संचालकों की समस्याओं को लेकर आगे आया टैक्स बार, जल्द होगा जागरूकता कार्यक्रम

रामनगर। जनपद नैनीताल के रामनगर क्षेत्र में संचालित हो रहे होमस्टे व्यवसायों पर प्रशासनिक सख्ती बढ़ने के बीच स्थानीय होमस्टे संचालकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर रामनगर टैक्स बार के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान संचालकों ने पंजीकरण, कर व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा मानकों तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आ रही दिक्कतों से टैक्स बार को अवगत कराया।

बैठक में रामनगर टैक्स बार के अध्यक्ष पूरण चंद्र पाण्डेय एवं उपसचिव मनु अग्रवाल ने होमस्टे संचालकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र ही एक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने की बात कही। प्रस्तावित कार्यक्रम का उद्देश्य होमस्टे संचालकों को नियमों के अनुरूप व्यवसाय संचालन, आवश्यक लाइसेंस तथा सरकारी दिशा-निर्देशों की सही जानकारी उपलब्ध कराना रहेगा।

बताया गया कि कार्यक्रम में भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित पर्यटन एवं स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि संचालक सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित कर सकें।

सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम में उत्तराखंड शासन से जुड़े अधिकारियों, फूड इंस्पेक्टर तथा पर्यटन एवं होमस्टे विभाग के अधिकारियों को भी आमंत्रित किए जाने पर विचार किया जा रहा है। इससे होमस्टे संचालकों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों से संबंधित जानकारी एवं समस्याओं के समाधान प्राप्त हो सकेंगे।

स्थानीय होमस्टे संचालकों का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों से व्यवसाय में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समझने में सहायता मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

इस संबंध में अधिवक्ताओं एवं होमस्टे संचालकों की एक बैठक एक रिसोर्ट में आयोजित की गई, जिसमें प्रबल बंसल, भूपाल रावत, फिरोज अंसारी, मनोज अग्रवाल, लईक अहमद, नावेद सैफी एवं गुलरेज़ रज़ा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement