*उत्तर प्रदेश के बदायूं में भीषण सड़क हादसा, ई-रिक्शा और ट्रैक्टर की टक्कर में छह महिलाओं की मौत*

Spread the love

*उत्तर प्रदेश के बदायूं में भीषण सड़क हादसा, ई-रिक्शा और ट्रैक्टर की टक्कर में छह महिलाओं की मौत*

 

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में उझानी कोतवाली क्षेत्र के बरेली-मथुरा मार्ग पर बुधवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे में छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी महिलाएं रिश्तेदारी में भात मांगने जा रही थीं। पुलिस ने बताया कि उझानी क्षेत्र के गांव मुरावन नगला निवासी डालचंद मौर्य के पुत्र कुंवर पाल की 29 जून को शादी होनी है। शादी के कार्यक्रम के तहत परिवार की आठ महिलाएं शनि पुत्र संजू के ई-रिक्शा में सवार होकर ग्राम गढ़होना भात मांगने जा रही थीं। दोपहर करीब एक बजे जब ई-रिक्शा जूनइया गांव के पास करुआ पुल के निकट पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में प्रेमा देवी (32), गंगाश्री उर्फ सरला (32), राजकुमारी (50), रेवती (80), नारायणी (30) और आरती (30) की मौत हो गई। इनमें से आरती ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जिलाधिकारी अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए

जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ई-रिक्शा चालक एक ट्रैक्टर को बचाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रैक्टर चालकों को हिरासत में ले लिया है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *