भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल हुईं बागेश्वर की प्रेमा रावत

Spread the love

भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल हुईं बागेश्वर की प्रेमा रावत

देहरादून। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की प्रतिभावान महिला क्रिकेटर प्रेमा रावत का चयन भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 के दौरान ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल के चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद प्रेमा को टीम में प्रतिस्थापन खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। आईसीसी की तकनीकी समिति ने भी उनके चयन को मंजूरी प्रदान कर दी है।

बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील अंतर्गत सुमटी-बैसानी गांव निवासी प्रेमा रावत दाएं हाथ की बल्लेबाज और लेग स्पिन गेंदबाज हैं। घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी प्रभावी लेग स्पिन गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी ने लगातार चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।

घरेलू क्रिकेट में प्रेमा का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 2023 की सीनियर महिला टी-20 प्रतियोगिता में उन्होंने 10 मैचों में 16 विकेट हासिल कर सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाजों में स्थान बनाया था। इसके अलावा हाल के वर्षों में वह महिला क्रिकेट की उभरती हुई खिलाड़ियों में शामिल रही हैं।

महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में भी प्रेमा को पहचान मिली, जहां वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम से जुड़ी रहीं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारत-ए टीम में भी खेलने का अवसर मिला, जहां उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया।

प्रेमा रावत के भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन से बागेश्वर सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर ने एसबीआई तिराहे पर आतिशबाजी कर मिष्ठान वितरण किया। क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने इसे जिले और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

क्रिकेट प्रेमियों ने विश्वास जताया कि प्रेमा रावत भारतीय टीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *