प्रेम प्रसंग में नाबालिग से विवाह करने वाला युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
रुद्रपुर। दो वर्ष पूर्व मुंबई में प्रेम प्रसंग के चलते एक नाबालिग किशोरी से विवाह करने के मामले में पुलिस ने रुद्रपुर निवासी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में युवक और युवती दोनों बालिग हो चुके हैं तथा उनका तीन माह का एक बच्चा भी है।
जानकारी के अनुसार रम्पुरा निवासी एक युवक रोजगार के सिलसिले में दो वर्ष पूर्व मुंबई गया था। वहां उसकी एक किशोरी से जान-पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों ने आपसी सहमति से विवाह कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर किशोरी के परिजनों ने मुंबई के संबंधित थाने में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद युवक मुंबई से फरार हो गया। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। बाद में युवक के रुद्रपुर निवासी होने के कारण मामला रुद्रपुर स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
युवक की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर युवती के परिजन भी रुद्रपुर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि अब दोनों परिवार इस विवाह को स्वीकार कर चुके हैं। वहीं युवक और युवती वर्तमान में बालिग हैं तथा उनके घर तीन माह पूर्व बच्चे का जन्म भी हुआ है।
इसके बावजूद दर्ज मुकदमे और कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। युवक के जेल जाने से दोनों परिवारों के सामने नई परेशानियां खड़ी हो गई हैं।







