*एसओजी टीम बनकर कार्यालय में घुसे बदमाश, तमंचे के बल पर नकदी-जेवर लूटे*

*एसओजी टीम बनकर कार्यालय में घुसे बदमाश, तमंचे के बल पर नकदी-जेवर लूटे*

हल्द्वानी। मंडी चौकी क्षेत्र के गोरापड़ाव में बुधवार देर रात खुद को पुलिस की एसओजी टीम बताकर लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। कार सवार करीब आठ से दस लोगों ने एक कार्यालय में पार्टी कर रहे लोगों को तमंचे के बल पर धमकाया और जुए में लगी रकम के साथ उनके जेवर भी उतरवा लिए। वारदात के बाद आरोपी कार से बरेली रोड की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव के एक कार्यालय में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान एक कार वहां पहुंची। कार से उतरे आठ से दस लोगों ने खुद को पुलिस की एसओजी टीम बताया और तमंचे दिखाकर वहां मौजूद लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों को पुलिसकर्मी समझकर लोग विरोध नहीं कर सके।

आरोप है कि बदमाशों ने वहां जुए में लगी पूरी रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद मौजूद लोगों से अंगूठियां और गले में पहनी सोने की चेन भी उतरवा ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार में सवार होकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस वारदात में इस्तेमाल कार के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी पूर्व सूचना या जानकारी के आधार पर मौके पर पहुंचे थे या नहीं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement