*नवरात्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध के फैसले का गौ रक्षक दल ने किया स्वागत* *महापौर विकास शर्मा का अभिनंदन कर जताया आभार, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के प्रयासों की सराहना*

*नवरात्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध के फैसले का गौ रक्षक दल ने किया स्वागत*

 

*महापौर विकास शर्मा का अभिनंदन कर जताया आभार, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के प्रयासों की सराहना*

 

रुद्रपुर। नवरात्र के दौरान नगर निगम क्षेत्र में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के निर्णय का गौ रक्षक दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने स्वागत किया है। मंगलवार को गौ रक्षक दल के विराट आर्या के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महापौर विकास शर्मा का अभिनंदन कर उनके प्रति आभार जताया। कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय को धार्मिक मान्यताओं और सनातन परंपराओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के सचिन, बजरंग दल के गौरव सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि नवरात्र हिंदू समाज के लिए आस्था, साधना और आत्मसंयम का विशेष पर्व है। ऐसे में पर्व के दौरान मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय धार्मिक भावनाओं के सम्मान को दर्शाता है। उन्होंने सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि विभिन्न हिंदू संगठनों के युवाओं द्वारा समर्थन और आभार व्यक्त करना उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि नवरात्र में मांस की बिक्री बंद करने का निर्णय धार्मिक परंपराओं के सम्मान की भावना से लिया गया है। सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए।

 

महापौर ने कहा कि सनातन संस्कृति सदियों से विभिन्न चुनौतियों के बावजूद निरंतर आगे बढ़ती रही है। उन्होंने धार्मिक परंपराओं और आस्था के संरक्षण के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही। साथ ही विरोध करने वालों के प्रति सद्बुद्धि की कामना करते हुए कहा कि सभी को सनातन धर्म की परंपराओं और उनके महत्व को समझना चाहिए।

 

शर्मा ने शहर में त्रिशूल और डमरू स्थापित करने तथा गांधी पार्क का नाम श्रीराम पार्क किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि विभिन्न संगठनों के युवाओं का समर्थन उन्हें इस दिशा में और अधिक कार्य करने की प्रेरणा देता है।

 

महापौर ने विपक्षी दलों पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आलोचनाओं से उनके प्रयास प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और वह अपने विवेक से अच्छे-बुरे कार्यों का मूल्यांकन करती है। जनहित और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।

 

कार्यक्रम के अंत में गौ रक्षक दल, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

Advertisement
Advertisement
Advertisement