अमेजन स्टोर में भीषण अग्निकांड, दो कर्मचारियों की मौत

Spread the love

अमेजन स्टोर में भीषण अग्निकांड, दो कर्मचारियों की मौत

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित अमेजन के एक स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। आग की चपेट में आने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, जबकि एक स्कूटी और टेंपो भी पूरी तरह नष्ट हो गए। सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार रामपुर रोड के जीतपुर नेगी क्षेत्र स्थित अमेजन स्टोर में शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। पास में स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर स्टोर के भीतर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि तब तक आग पूरे स्टोर में फैल चुकी थी और अधिकांश सामान जल चुका था। आग बुझाने के दौरान स्टोर के अंदर सो रहे दो कर्मचारियों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत जलने और दम घुटने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है।

मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र, जो मूल रूप से सोमेश्वर (अल्मोड़ा) के रहने वाले थे, तथा पंचायतघर क्षेत्र निवासी अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाकर शवों की शिनाख्त कराई। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया गया।

अग्निकांड में स्टोर में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और परिसर में खड़ा एक टेंपो भी आग की चपेट में आकर खाक हो गया। घटना के समय स्टोर बंद था और दोनों कर्मचारी अंदर मौजूद थे।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल टीम को मौके पर भेज दिया गया था। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन दो कर्मचारियों को बचाया नहीं जा सका। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *