जसपुर में STF व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो हथियार तस्कर गिरफ्तार

 

जसपुर में STF व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो हथियार तस्कर गिरफ्तार

रुद्रपुर/जसपुर। उत्तराखंड में चलाए जा रहे “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली जसपुर पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 24 मार्च 2026 को पतरामपुर अंडरपास, सर्विस रोड कट जसपुर क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को दबोचा गया। तलाशी के दौरान अभियुक्त शमशेर सिंह के पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल व पांच जिंदा कारतूस तथा सिमरनदीप सिंह के पास से एक .32 बोर पिस्टल व पांच कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपियों के वाहन की तलाशी में दो पंप एक्शन गन (12 बोर) भी बरामद हुई हैं।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया है। इस संबंध में कोतवाली जसपुर में एफआईआर संख्या 109/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी ग्राम हाजिरो, थाना जसपुर तथा सिमरनदीप सिंह पुत्र अजमेर सिंह निवासी अंजनिया फार्म, थाना पुलभट्टा के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शस्त्रों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement