किच्छा में एसएसपी का औचक निरीक्षण, जनसंवाद में सुनीं समस्याएं; लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

Spread the love

किच्छा में एसएसपी का औचक निरीक्षण, जनसंवाद में सुनीं समस्याएं; लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

किच्छा। अजय गणपति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर द्वारा गुरुवार को किच्छा कोतवाली का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कोतवाली की कार्यप्रणाली, लंबित विवेचनाओं और जन-शिकायतों के निस्तारण की प्रगति का गहनता से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कोतवाली कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात एवं मेस का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, परिसर में स्वच्छता तथा शस्त्रों के सुरक्षित संरक्षण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर कोतवाली में तैनात सभी विवेचकों का ओआर (ऑर्डरली रूम) लेकर लंबित मामलों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विवेचनाएं साक्ष्यों के आधार पर पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध रूप में पूरी की जाएं। गंभीर मामलों को प्राथमिकता देने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

निरीक्षण के उपरांत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों व गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इस दौरान नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, यातायात व्यवस्था एवं क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। एसएसपी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि विवेचनाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद से ही कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। जनसहयोग से ही सुरक्षित और सुदृढ़ समाज का निर्माण संभव है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *