राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड टीम जम्मू रवाना
रुद्रपुर। जम्मू के भगवती नगर स्थित इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित होने वाली 15वीं राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड की टीम बुधवार को जम्मू रवाना हुई। भाजपा नेता एवं समाजसेवी भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर टीम को रवाना किया।
इस अवसर पर चुघ ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उत्तराखंड की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगी। उन्होंने कहा कि वोविनाम खेल प्रदेश में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इसके विस्तार का श्रेय वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषि पाल भारती और उनकी टीम के प्रयासों को जाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्य के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। हल्द्वानी में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषि पाल भारती ने बताया कि प्रतियोगिता वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नेतृत्व तथा जम्मू-कश्मीर वोविनाम एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर से 1000 से अधिक खिलाड़ी सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन नवंबर में कंबोडिया में प्रस्तावित एशियन वोविनाम चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में किया जाएगा।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं तकनीकी निदेशक देवेंद्र रावत ने बताया कि उत्तराखंड टीम में 93 खिलाड़ी और 17 रेफरी परीक्षा के लिए प्रतिभागी समेत कुल 110 सदस्य शामिल हैं। टीम के हेड कोच ऋषि पाल भारती और विश्वकेतु वैद्य हैं। महासचिव विनोद लखेड़ा ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान अमित चौधरी, गंगा मेहरा, रूनू शर्मा, विक्रम कुमार, अपूर्व मनोहर सिंह, नरेंद्र सिंह, मयंक श्रीवास्तव, विक्रम सिंह, क्षितिज सिंह, गुलशन कुमार, यतेंद्र कुमार, मुकेश यादव, वसीम खान, जॉनी हीराम तिग्गा, हिमा भट्ट, केदार दत्त समेत अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
