राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए डॉ. मुखर्जी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगाः महापौर  – बलिदान दिवस पर नगर निगम में डा. मुखर्जी को किया गया नमन

Spread the love

राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए डॉ. मुखर्जी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगाः महापौर

– बलिदान दिवस पर नगर निगम में डा. मुखर्जी को किया गया नमन

 

रुद्रपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को नगर निगम रुद्रपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों तथा भाजपा पदाधिकारियों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व केवल एक राजनेता तक सीमित नहीं था, बल्कि वे एक दूरदर्शी चिंतक, शिक्षाविद् और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि मानने वाले महान नेता थे। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए डॉ. मुखर्जी द्वारा किए गए संघर्ष और बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता।

 

महापौर ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने हमेशा सिद्धांतों और मूल्यों की राजनीति को प्राथमिकता दी। उन्होंने राष्ट्रहित के लिए कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना किया और देश के लिए सर्वाेच्च बलिदान दिया। उनका जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। आज भी उनके विचार और आदर्श करोड़ों लोगों को राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

 

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का मानना था कि राष्ट्र की एकता और अखंडता से बड़ा कोई विषय नहीं हो सकता। उन्होंने भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो व्यक्ति अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से इतिहास की दिशा बदल सकता है।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार राष्ट्रहित, सुशासन, विकास और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और समाज तथा राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने देशहित को सर्वाेपरि रखते हुए राष्ट्रीय एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने विचारों एवं कार्यों से भारतीय राजनीति को नई दिशा प्रदान की। उनका दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण और संघर्षशील व्यक्तित्व आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। डॉ. मुखर्जी के विचार भावी पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में उनकी प्रेरणा सदैव प्रासंगिक बनी रहेगी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, पार्षद संघ अध्यक्ष एवं पार्षद राजेश जग्गा, जिला कार्यालय मंत्री मोर सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष शालिनी बोरा, महिला मोर्चा जिला महामंत्री प्रीति धीर, मंडल अध्यक्ष पिंकी चतुर्वेदी, अर्चना राय, ममता जीना, पार्षद पवन राणा, संतोष गुप्ता, महेंद्री शर्मा, सुशील चौहान, चंद्रसेन चंदा, भाजपा नेता कमल पाल, सुबीर दास सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *