इंटर डीपीएस नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में डीपीएस रुद्रपुर का शानदार प्रदर्शन, जीते स्वर्ण व रजत पदक
10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में धैर्य डांगी बने गोल्ड मेडलिस्ट
टीम इवेंट में डीपीएस रुद्रपुर ने हासिल किया स्वर्ण पदक
धैर्य, सिमरजीत और यश की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर मारी बाजी
सटीक निशाने से डीपीएस रुद्रपुर के खिलाड़ियों ने जीता राष्ट्रीय सम्मान
खेलों में भी उत्कृष्टता की ओर बढ़ रहा डीपीएस रुद्रपुर
रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर के विद्यार्थियों ने इंटर डीपीएस नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 3 मई तक डीपीएस यमुनानगर में हुआ, जिसमें देशभर के डीपीएस विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में डीपीएस रुद्रपुर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। धैर्य डांगी ने व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया, जबकि सिमरजीत सिंह भुल्लर ने रजत पदक अपने नाम किया।
टीम इवेंट में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। धैर्य डांगी, सिमरजीत सिंह भुल्लर एवं यश कुमार मिश्रा की टीम ने बेहतरीन तालमेल और सटीक प्रदर्शन के दम पर 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में पहला स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर तथा प्रधानाचार्य चेतन चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि डीपीएस रुद्रपुर शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।







