तेल कंपनियों के मुनाफे के बावजूद जनता को राहत नहीं : राजकुमार ठुकराल

Spread the love

तेल कंपनियों के मुनाफे के बावजूद जनता को नहीं मिल रही राहत : ठुकराल

रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पेट्रोलियम उत्पादों एवं घरेलू एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों के लगातार बढ़ते मुनाफे के बावजूद आम उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी जा रही है, जिससे महंगाई की मार झेल रही जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

मीडिया को जारी बयान में ठुकराल ने दावा किया कि सरकारी तेल कंपनियों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 77 हजार करोड़ रुपये से अधिक का लाभ अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि जनवरी से मार्च 2026 के दौरान भी कंपनियों का मुनाफा करीब 19 हजार करोड़ रुपये रहा। इसके बावजूद पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है, जो आम जनता के हितों के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से रसोई का बजट प्रभावित हुआ है। विशेष रूप से मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए घरेलू खर्चों का प्रबंधन कठिन होता जा रहा है। वहीं पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन लागत में वृद्धि होती है, जिसका असर खाद्य पदार्थों समेत दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है।

ठुकराल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां तेल कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली हैं, जबकि आम जनता महंगाई से परेशान है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों के मुनाफे का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाना चाहिए और पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस की कीमतों में राहत दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम लोगों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और जनता में असंतोष बढ़ रहा है। ठुकराल ने केंद्र सरकार से पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों की समीक्षा करने तथा महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *