*तीनपानी में युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार*

*तीनपानी में युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार*

हल्द्वानी। तीनपानी क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर चापड़ और छुरे से जानलेवा हमला करने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और सुरागरसी के आधार पर आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को यमन प्रकाश निवासी तीनपानी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि शनि मंदिर के पास सोनकर फार्म, तीनपानी मंडी के निकट गौरव महतोलिया, सौरभ महतोलिया और सचिन महतोलिया ने उनके और उनके भाई के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। आरोप है कि तीनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनके भाई पर चापड़ और छुरे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 256/2026 दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 31 जुलाई को गौरव महतोलिया और सचिन महतोलिया को मंगलपड़ाव क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीसरे आरोपी सौरभ महतोलिया (22) को एक अगस्त को भोटियापड़ाव टैक्सी स्टैंड से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस भी बढ़ाई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव महतोलिया (25), सौरभ महतोलिया (22) और सचिन महतोलिया (19) निवासी एकता बिहार, गली नंबर-4, सोनकर फार्म, तीनपानी, हल्द्वानी के रूप में हुई है।

आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल अरुण राणा, कांस्टेबल मोहम्मद अजहर और कांस्टेबल राहुल राणा शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement