*V-Guard कंपनी में साइबर व महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

Spread the love

*V-Guard कंपनी में साइबर व महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता अभियान के तहत सिडकुल पंतनगर स्थित वी-गार्ड कंपनी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साइबर अपराध प्रकोष्ठ एवं महिला हेल्पलाइन की टीम ने कर्मचारियों को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट और महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में कर्मचारियों को बताया गया कि साइबर अपराधी पुलिस, सीबीआई, ईडी अथवा अन्य सरकारी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल या फोन के माध्यम से फर्जी मुकदमे और गिरफ्तारी का भय दिखाकर धनराशि की मांग करते हैं। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।

पुलिस टीम ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर भी जोर देते हुए फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी, फोटो, लोकेशन और बैंकिंग संबंधी विवरण साझा न करने की अपील की। साथ ही मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का उपयोग करने की सलाह दी गई।

इस दौरान ऑनलाइन गेमिंग से होने वाले आर्थिक और सामाजिक नुकसान, साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन ग्रूमिंग तथा साइबर स्लेवरी जैसे अपराधों के प्रति भी कर्मचारियों को जागरूक किया गया। पुलिस ने ऐसे मामलों में साक्ष्य सुरक्षित रखने और तत्काल पुलिस से संपर्क करने का आह्वान किया।

महिला सुरक्षा के संबंध में भी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई तथा महिलाओं को गौरा शक्ति ऐप के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर शीघ्र पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके।

कार्यक्रम में साइबर अपराध से बचाव के लिए संदिग्ध लिंक, क्यूआर कोड अथवा अटैचमेंट पर क्लिक न करने, ओटीपी, पिन, सीवीवी, पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *