नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस का चेहरा बेनकाब: शांति मेहरा
भाजपा नेताओं ने प्रेस वार्ता में विपक्ष पर साधा निशाना
रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती शांति मेहरा, महापौर विकास शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने आरोप लगाया कि महिलाओं को उनका अधिकार मिलने से रोकने के लिए कांग्रेस ने संसद में इस विधेयक की राह में बाधाएं खड़ी कीं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती शांति मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते दस वर्षों में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रत्येक योजना के केंद्र में ‘नारी शक्ति’ रही है, जिससे महिलाओं के आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में बने करोड़ों शौचालयों ने महिलाओं को न केवल असुविधा से मुक्ति दिलाई, बल्कि उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ किया। इसे महिलाओं की गरिमा से जुड़ा ऐतिहासिक कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे कई सामाजिक समस्याओं पर भी अंकुश लगा है।
श्रीमती मेहरा ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना को सामाजिक सोच में बदलाव का माध्यम बताते हुए कहा कि इससे लिंगानुपात में सुधार हुआ है और बेटियों की शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। इसके अलावा मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मातृ वंदन योजना और लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाया है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर बोलते हुए उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 1996 से लेकर 2010 तक यह विधेयक लंबित रहा और 2023 में कानून बनने के बावजूद विपक्ष ने इसका विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य केवल राजनीतिक विरोध करना है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि भाजपा की विचारधारा समान प्रतिनिधित्व की है और पार्टी महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस वर्षों तक तुष्टिकरण की राजनीति करती रही, जबकि भाजपा ने बिना भेदभाव के सभी वर्गों की महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर विपक्ष के कथित दोहरे चरित्र को उजागर करेंगे और जनता को भ्रमित करने के प्रयासों का जवाब देंगे।
इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, जिला अध्यक्ष नीता सक्सैना, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, प्रीति धीर, विजय तोमर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







