पेयजल संकट से निपटने को महापौर ने कसी कमर अधिकारियों संग बनाई रणनीति, अमृत योजना के तहत मुफ्त कनेक्शन की घोषणा

Spread the love

पेयजल संकट से निपटने को महापौर ने कसी कमर

अधिकारियों संग बनाई रणनीति, अमृत योजना के तहत मुफ्त कनेक्शन की घोषणा

रुद्रपुर, 22 अप्रैल। भीषण गर्मी के आगाज के साथ संभावित पेयजल संकट को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली है। बुधवार को नगर निगम सभागार में जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में शहरवासियों को निर्बाध व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ठोस रणनीति बनाई गई। महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी ‘अमृत योजना’ की प्रगति की समीक्षा करते हुए महापौर ने बताया कि योजना के तहत 750 फीट गहराई से प्राप्त जल की गुणवत्ता बेहतर है, जिसे चरणबद्ध तरीके से घर-घर पहुंचाया जाएगा। प्रथम चरण में रमपुरा, संजय नगर खेड़ा और सुभाष कॉलोनी को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित किया गया है। इन क्षेत्रों के निवासियों को बड़ी राहत देते हुए महापौर ने घोषणा की कि नए पेयजल कनेक्शन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसका खर्च नगर निगम वहन करेगा।

जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक सोमवार को जल संस्थान के जूनियर इंजीनियर की नगर निगम कार्यालय में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। इससे नागरिक सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और कनेक्शन संबंधी फाइलों का शीघ्र निपटारा संभव होगा। शिकायतों की निगरानी के लिए शीघ्र ही टोल-फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा।

महापौर ने विभागीय समन्वय पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि जहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है या स्टाफ की कमी है, वहां नगर निगम मरम्मत कार्य करेगा, जबकि जल संस्थान आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग व्यक्तिगत कनेक्शन लेने में असमर्थ हैं, उनके लिए वार्ड स्तर पर स्टैंड पोस्ट स्थापित किए जाएंगे, जिससे उन्हें निःशुल्क पेयजल मिल सके।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर लगाने, जरूरतमंद क्षेत्रों में टैंकरों की संख्या बढ़ाने तथा गर्मी में पशुओं के लिए पानी के टब रखने के निर्देश भी दिए गए। महापौर ने बताया कि शहर के शेष 26 वार्डों में नई पाइपलाइन बिछाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 196 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है, जिसका टेंडर जल्द जारी होगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘हर घर जल’ के विजन को प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, सहायक नगर आयुक्त रणदीप, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, एसडीओ अन्नु अरोरा, अधिशासी अभियंता राकेश कुमार, एई सुनील कुमार, तरुण शर्मा, पार्षद चिराग कालरा सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *