18 बड़े नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने का दावा, सियासत में बढ़ी हलचल गोदियाल बोले—कुछ भाजपा विधायक भी संपर्क में, जल्द हो सकता है बड़ा राजनीतिक फेरबदल

Spread the love

 

18 बड़े नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने का दावा, सियासत में बढ़ी हलचल

गोदियाल बोले—कुछ भाजपा विधायक भी संपर्क में, जल्द हो सकता है बड़ा राजनीतिक फेरबदल

हल्द्वानी। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बड़ा बयान देते हुए दावा किया है कि प्रदेश के 18 बड़े नेता जल्द ही कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन नेताओं की सूची पार्टी हाईकमान को भेज दी गई है और मंजूरी मिलते ही उन्हें औपचारिक रूप से शामिल कराया जाएगा।

स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस लगातार अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि कुछ मौजूदा भाजपा विधायक भी पार्टी के संपर्क में हैं, जिससे आने वाले समय में प्रदेश के राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।

इस दौरान गोदियाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए बंशीधर भगत के एक कथित बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भगत स्वयं स्वीकार कर चुके हैं कि 2027 का चुनाव जीतना आसान नहीं होगा और केवल प्रधानमंत्री के नाम पर चुनाव नहीं जीते जा सकते।

कार्यक्रम में सुमित हृदयेश, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गपाल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गोदियाल ने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है और सरकार जनहित के मुद्दों से भटक गई है। उन्होंने कहा कि “डेमोग्राफी चेंज” जैसे मुद्दों को भाजपा केवल राजनीतिक लाभ के लिए उठा रही है। महिला आरक्षण बिल को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए और इसे जानबूझकर कमजोर करने का आरोप लगाया।

प्रदेश की भौगोलिक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड में पहाड़ और मैदान के बीच की विषमताओं को दूर करने के लिए ठोस नीति बननी चाहिए। उन्होंने विधानसभा सीटों को 70 से बढ़ाकर 108 करने के प्रस्ताव पर भी सरकार से स्पष्ट नीति बताने की मांग की।

इसके अलावा उन्होंने प्रदेश में बढ़ते जंगली जानवरों के आतंक और चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि इन मुद्दों पर तैयारी और कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है।

गोदियाल के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अब राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हैं कि आखिर वे 18 नेता कौन हैं, जो कांग्रेस में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *