अजय गणपति की सख्ती: हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, 50 लाख की भूमि मुक्त

Spread the love

अजय गणपति बोले— अपराध और नशे के कारोबार के लिए जिले में कोई जगह नहीं, गैंगस्टर पर बुलडोजर कार्रवाई

 

नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऊधमसिंह नगर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को नानकमत्ता क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध कब्जे पर प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की। इस दौरान करीब 50 लाख रुपये मूल्य की दो एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने नशा तस्करों और संगठित अपराधियों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई तेज कर दी है। जांच में सामने आया कि नानकमत्ता के ग्राम गिधौर निवासी हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह और उसके परिजनों ने नानकसागर बांध क्षेत्र स्थित सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कर रखा था। पुलिस के अनुसार इस स्थान का उपयोग लंबे समय से स्मैक, हेरोइन समेत अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।

सिंचाई विभाग और पुलिस द्वारा अतिक्रमण का चिन्हीकरण करने के बाद संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपजिलाधिकारी खटीमा के निर्देश पर शनिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पुलिस, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर से अवैध रूप से निर्मित पक्के मकान को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटाया गया। अभियान के दौरान लगभग दो एकड़ सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के अनुसार तारा सिंह के खिलाफ डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 27 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है। उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर ध्वस्त किया जाएगा तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मुहिम लगातार चलती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और नशे के कारोबार के लिए किसी भी स्तर पर कोई स्थान नहीं है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *