विक्रांत हत्याकांड का मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद
रुद्रपुर/किच्छा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में किच्छा पुलिस ने चर्चित विक्रांत हत्याकांड के मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 7.65 एमएम की पिस्टल भी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को हरिमंदिर गली, मेन बाजार रुद्रपुर निवासी कंचन पत्नी विकास ने अपने पुत्र विक्रांत की हत्या के संबंध में थाना किच्छा में मुकदमा संख्या 228/2026 धारा 103(1), 191(3), 190 एवं 191(2) बीएनएस के तहत बंटी ठाकुर समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक किच्छा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर (27), निवासी ग्राम सैजनी, थाना कोतवाली रुद्रपुर, जो घटना के बाद चीमा अस्पताल में उपचाराधीन था, को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पूछताछ के उपरांत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने बताया कि बंटी ठाकुर का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। इस हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर भी शामिल है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक रवि कुमार सैनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल राकेश काण्डपाल तथा कांस्टेबल त्रिलोक सिंह शामिल रहे।







