*_गुजरात : कार की ट्रक से टक्कर में पांच लोगों की मौत, दो गंभीर_*

*_गुजरात : कार की ट्रक से टक्कर में पांच लोगों की मौत, दो गंभीर_*

सुरेंद्रनगर (गुजरात) : गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक कार की डंपर ट्रक से टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सुरेंद्रनगर जिले के हलवद तालुका के चराडवा और अंदरणा गांवों के पास एक कार डंपर से टकरा गई. इस हादसे में रणछोड़गढ़ गांव के तालुका पंचायत सदस्य समेत पांच लोगों की मौत हो गई. हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों कोतुरंत इलाज के लिए मोरबी और राजकोट के अस्पतालों में भेजा गया है.

बताया जाता है कि रणछोड़गढ़ गांव के दिलीप भगवानभाई दढैया के 24 वर्षीय बेटा परेश हलवद से लौट रहा था, तभी मानसर के पास उनकी बाइक फिसल गई और वह हादसे का शिकार हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर उनके पिता दिलीपभाई और गांव के अन्य नेता एक कार में हलवद अस्पताल पहुंचे. इसके बाद, कुल सात लोगों ने घायल परेश को आगे के इलाज के लिए कार में बिठाया और मोरबी की ओर निकल पड़े.

वहीं उनकीकार हाईवे पर चराडवा गांव के पास आगे जा रहे डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई. इस हादसे में सुरेश विसाभाई सिहोरा (45), विराम भीमाभाई दढैया (28), परेश दिलीपभाई दढैया (24), प्रेमजीभाई शंकरभाई दढैया (तालुका पंचायत सदस्य, हलवद) और भरतभाई प्रेमजीभाई दढैया की मौत हो गई.

 

वहीं प्रकाश अमीरभाई दढैया और रणछोड़गढ़ ग्राम पंचायत के उपसरपंच दिलीपभाई भगवानभाई दढैया गंभीर रूप से घायल हुए गए और उन्हें इलाज के लिए मोरबी और राजकोट भेजा गया है. इस हादसे के बाद रणछोड़गढ़ गांव में भारी शोक का माहौल पसर गया है.

हलवद तालुका के पुलिस इंस्पेक्टर आर.टी. व्यास ने बताया कि हलवद तालुका पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. उन्होंने वहां से शुरुआती जानकारी हासिल कर ली है और सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें कार डंपर से टकराती हुई दिख रही है. मामले की जांच चल रही है.

Advertisement
Advertisement
Advertisement