*_जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें भारतीय, जारी की गई एडवाइजरी_*

*_जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें भारतीय, जारी की गई एडवाइजरी_*

नई दिल्ली : ईरान के हालात को देखते हुए भारत ने अपने नागरिकों को छोड़ने की सलाह दी है. साथ ही कहा है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर बिगड़ती स्थिति को देखते हुए वाणिज्यिक उड़ानों के साथ ही परिवहन के सभी उपलब्ध साधनों का उपयोग करते हुए देश को छोड़ दें.बता दें कि तेहरान में एक बार फिर से नए सिरे से किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों और ईरान पर अमेरिकी सैन्य हमलों की बढ़ रही आशंकाओं को देखते हुए ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारत के लोगों के लिए नए एडवाइजरी जारी की है. ईरान की कई यूनिवर्सिटी में छात्रों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए, जो पिछले महीने प्रदर्शनकारियों पर की गई क्रूर कार्रवाई किए जाने के बाद इस तरह का पहला आंदोलन था.

जनवरी में आधिकारिक अनुमानों के मुताबिक, छात्रों समेत दस हजार से अधिक भारतीय ईरान में रह रहे थे.दूतावास ने कहा, “भारत सरकार द्वारा पांच जनवरी को जारी की गई सलाह के क्रम में और ईरान में पैदा हो रहे हालात को देखते हुए, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों) को सलाह दी है कि वे उपलब्ध परिवहन साधनों, जिनमें वाणिज्यिक उड़ानें भी शामिल हैं, के जरिए से ईरान छोड़ दें.”

साथ ही दूतावास ने यह भी दोहराया कि सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों (पीआईओ) को उचित सावधानी बरतनी चाहिए. इसके अलावा विरोध प्रदर्शनों या रैलियों वाले क्षेत्रों से बचना चाहिए और भारतीय दूतावास के संपर्क में रहना चाहिए.

एडवाइजरी में कहा गया, “ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने पासपोर्ट और पहचान पत्र सहित अपने यात्रा और आव्रजन संबंधी दस्तावेज हमेशा अपने पास रखें.” इसमें कहा गया है, “उनसे अनुरोध है कि वे इस बारे में किसी भी सहायता के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करें.”

Advertisement
Advertisement
Advertisement