*आवास विकास में दिनदहाड़े गोलीबारी से भड़के विधायक बेहड़, पुलिस प्रशासन को दी चेतावनी* *घनी आबादी में स्कूल छुट्टी के समय हुई वारदात, बच्चों की सुरक्षा पर जताई चिंता; आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग*

### *आवास विकास में दिनदहाड़े गोलीबारी से भड़के विधायक बेहड़, पुलिस प्रशासन को दी चेतावनी*

 

*घनी आबादी में स्कूल छुट्टी के समय हुई वारदात, बच्चों की सुरक्षा पर जताई चिंता; आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग*

 

किच्छा। किच्छा के आवास विकास क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने घटना को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए गोलीबारी में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

 

विधायक बेहड़ ने कहा कि आवास विकास शहर की प्रमुख और घनी आबादी वाली कॉलोनी है। घटनास्थल उनके कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर है। ऐसे भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े गोलीबारी होना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि घटना के समय स्कूलों की छुट्टी हो रही थी और बच्चे बसों से उतर रहे थे। ऐसे में गोलीबारी से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका थी और मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं, जबकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के प्रयास नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस प्रशासन को तत्काल घटना का संज्ञान लेकर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि कानून का भय कायम रहे।

 

विधायक ने नगर पालिका चुनाव के दौरान पुलिस की मौजूदगी में खुद पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना में भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़े हैं। लगातार ऐसी घटनाएं सामने आना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

 

बेहड़ ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि आवास विकास गोलीबारी के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए। क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि किच्छा का शांतिपूर्ण माहौल बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। आम जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और पुलिस प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement