पंतनगर में 40 वर्षों से रह रहे 800 परिवारों के पुनर्वास की उठी मांग
हवाई अड्डा विस्तार से प्रभावित परिवारों के लिए ठोस योजना बने: डॉ. गणेश उपाध्याय
पंतनगर के 2500 से अधिक लोगों के पुनर्वास की मांग, डॉ. गणेश उपाध्याय बोले- मानवीय दृष्टिकोण जरूरी
प्रशासन की लापरवाही से बिगड़े हालात, अब पहल करे सरकार: डॉ. गणेश उपाध्याय
रुद्रपुर/पंतनगर। पंतनगर क्षेत्र की संजय कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी में बीते चार दशकों से अधिक समय से निवास कर रहे करीब 800 परिवारों के सामने अब भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। लगभग 2500 से 3000 की आबादी वाले ये परिवार लंबे समय से अपने स्थायी पुनर्वास की मांग कर रहे हैं और अब उनकी उम्मीदें सरकार के निर्णय पर टिकी हैं।
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार की आवश्यकता को स्वीकार करते हुए स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की ठोस व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि जमरानी बांध विस्थापितों की तर्ज पर गडरिया बाग जैसी पुनर्वास योजना इन परिवारों के लिए भी लागू की जानी चाहिए, ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन मिल सके।
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय ने कहा कि इन परिवारों के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सरकार को पुनर्वास को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन परिवारों में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे हैं, जिनका भविष्य इस समय अधर में लटका हुआ है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रशासन समय रहते इस मुद्दे पर ध्यान देता, तो आज हालात इतने गंभीर नहीं होते। अब आवश्यकता है कि सरकार सकारात्मक पहल करते हुए प्रभावित परिवारों को उनका अधिकार दिलाए और उनके सुरक्षित भविष्य का मार्ग प्रशस्त करे।







