बिजली विभाग की लापरवाही से गेहूं की फसलें जल रहीं, किसानों को भारी नुकसान
फसलों में आग की घटनाओं पर डॉ. गणेश उपाध्याय का प्रशासन पर वार
डॉ. गणेश उपाध्याय बोले—किसानों को 40 हजार प्रति एकड़ मुआवजा मिले
फसलें जलने से बढ़ा आक्रोश, डॉ. गणेश उपाध्याय ने दी आंदोलन की चेतावनी
रुद्रपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इन घटनाओं से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे उनमें आक्रोश व्याप्त है।
इस संबंध में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विभागीय लापरवाही का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे किसानों के सामने अब विभागीय अनदेखी एक नई चुनौती बनकर खड़ी हो गई है।
डॉ. उपाध्याय ने जिला प्रशासन से मांग की कि विद्युत विभाग के खिलाफ जल्द से जल्द रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित किसानों को कम से कम 40 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग भी की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित कदम नहीं उठाए गए, तो किसान एकजुट होकर विद्युत विभाग और सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।







