*फिर दहल उठा यूक्रेन, रूस ने राजधानी कीव पर किया मिसाइल-ड्रोन अटैक, 8 मौतें-25 घायल*

*फिर दहल उठा यूक्रेन, रूस ने राजधानी कीव पर किया मिसाइल-ड्रोन अटैक, 8 मौतें-25 घायल*

 

रूस ने गुरुवार तडक़े यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई तथा 25 अन्य घायल हो गए। कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने बताया कि हमले में कई आवासीय क्षेत्रों को निशाना बनाया गया और बच्चों सहित बड़ी संख्या में नागरिक हताहत हुए हैं।

हमले के बाद शहर के कई इलाकों को खाली कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि रूसी सेना ने एक बार फिर जानबूझकर रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाया है, जिससे भारी तबाही हुई है। कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने हमले में मृतकों ओर घायलों की संख्या बढऩे की आशंका जतायी है। यह हमला ऐसे समय हुआ जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कुछ घंटे पहले ही चेतावनी दी थी कि रूस बड़े पैमाने पर हमला करने की तैयारी कर रहा है। हमले के दौरान कीव में वायु रक्षा प्रणालियां सक्रिय रहीं।

आसमान में एयर डिफेंस की ट्रेसर फायरिंग दिखाई दी, जबकि ड्रोन, क्रूज़ और बैलिस्टिक मिसाइलों के विस्फोटों की आवाजें पूरे शहर में सुनाई दीं। शहर के विभिन्न हिस्सों में कई स्थानों पर आग लग गई। उधर, पोलैंड ने एहतियात के तौर पर अपने लड़ाकू विमानों को सक्रिय कर दिया। पोलैंड की सेना ने कहा कि यह कदम देश के हवाई क्षेत्र, विशेषकर यूक्रेन से सटे इलाकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। हालांकि, पोलैंड की सीमा में किसी हमले की सूचना नहीं है। रूस का यूक्रेन पर पिछले दो सप्ताह से अधिक समय के अंतराल के बाद यह पहला बड़े पैमाने का मिसाइल और ड्रोन हमला माना जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement