बागवाला झील क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय निर्माण की मांग तेज विधायक शिव अरोरा ने डीएम को सौंपा पत्र, बढ़ती आबादी के मद्देनजर स्कूल जरूरी बताया

Spread the love

बागवाला झील क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय निर्माण की मांग तेज

विधायक शिव अरोरा ने डीएम को सौंपा पत्र, बढ़ती आबादी के मद्देनजर स्कूल जरूरी बताया

रुद्रपुर। बागवाला झील क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय के निर्माण की मांग को लेकर विधायक शिव अरोरा ने जिलाधिकारी नितिन भदोरिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उनके साथ ग्राम प्रधान सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।

विधायक ने बताया कि बागवाला झील क्षेत्र में वर्तमान में 200 से 300 परिवार निवास कर रहे हैं, जो अधिकांशतः आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से हैं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत 1872 आवासों का निर्माण अंतिम चरण में है, जिनका आवंटन शीघ्र ही शुरू होने वाला है। ऐसे में क्षेत्र की आबादी में बड़ा इजाफा होना तय है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में बच्चों के लिए निकटतम विद्यालय करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित है, जिससे छोटे बच्चों को पढ़ाई के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में कोई राजकीय प्राथमिक विद्यालय न होने के कारण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

विधायक शिव अरोरा ने मांग की कि बढ़ती आबादी को देखते हुए बागवाला झील क्षेत्र में शीघ्र राजकीय प्राथमिक विद्यालय का निर्माण कराया जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रस्ताव जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से निदेशालय को पहले ही भेजा जा चुका है।

जिलाधिकारी नितिन भदोरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार, राजेश, विपिन सिंह, राजकुमार साह, मयंक कक्कड़, मुकेश कुमार, अरविंद सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *