### *सैन्यकर्मियों की निजी गाड़ियों को टोल से छूट देने के लिए खास FASTag लाने की तैयारी*
* *एमएलएफएफ टोल सिस्टम में बिना रुके गुजर सकेंगी जवानों की गाड़ियां, गलत टोल कटने की समस्या दूर करने पर मंथन*
* *विशेष FASTag या सालाना पास के जरिए छूट देने के दो विकल्पों पर चर्चा*
नई दिल्ली। देश के करीब 14 लाख सेवारत सैन्यकर्मियों की निजी गाड़ियों को टोल टैक्स से छूट देने के लिए केंद्र सरकार विशेष FASTag व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है। नई व्यवस्था के तहत जवानों की गाड़ियां मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) टोल सिस्टम से बिना रुके गुजर सकेंगी। इसके लिए सड़क परिवहन मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के बीच चर्चा चल रही है।
अभी तक सैन्यकर्मी टोल प्लाजा पर अपना पहचान पत्र दिखाकर टोल शुल्क से छूट प्राप्त कर लेते थे, लेकिन एमएलएफएफ व्यवस्था में वाहन बिना रुके गुजरते हैं। इस प्रणाली में ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरों और आरएफआईडी रीडर के जरिए वाहनों की पहचान कर टोल शुल्क वसूला जाता है। ऐसे में पहचान पत्र दिखाने की सुविधा नहीं होने के कारण कई सैन्यकर्मियों की निजी गाड़ियों से गलत तरीके से टोल कटने और ई-चालान जारी होने की शिकायतें सामने आई हैं।
इस समस्या के समाधान के लिए दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। पहले विकल्प के तहत सैन्यकर्मियों की गाड़ियों के नंबर और FASTag को सत्यापित डिजिटल डेटाबेस से जोड़कर विशेष FASTag जारी किया जा सकता है। इससे कैमरे वाहन की पहचान कर सकेंगे, लेकिन टोल शुल्क नहीं काटा जाएगा।
दूसरे विकल्प के तहत सैन्यकर्मियों को सामान्य FASTag के साथ सालाना पास उपलब्ध कराने और इसके लिए निर्धारित 3075 रुपये की राशि रक्षा मंत्रालय की ओर से वापस किए जाने की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।
सरकार का लक्ष्य वित्त वर्ष 2028 के अंत तक देश के करीब 1150 टोल प्लाजा को एमएलएफएफ प्रणाली से जोड़ने का है। फिलहाल देश में इस व्यवस्था का संचालन सीमित संख्या में टोल प्लाजा पर किया जा रहा है।
प्रस्तावित व्यवस्था का लाभ फिलहाल सेवारत सैन्यकर्मियों को देने पर विचार किया जा रहा है। पूर्व सैनिकों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ), बीएसएफ, सीआरपीएफ तथा सीआईएसएफ के कर्मियों को इसमें शामिल करने का निर्णय अभी नहीं हुआ है। इस संबंध में गृह मंत्रालय स्तर पर निर्णय लिया जाना है।
सेवारत सैन्यकर्मियों को टोल शुल्क से छूट का प्रावधान इंडियन टोल्स (आर्मी एंड एयर फोर्स) एक्ट, 1901 के तहत पहले से मौजूद है। सुप्रीम कोर्ट भी इस कानून की वैधता को बरकरार रख चुका है। नई व्यवस्था का उद्देश्य मौजूदा छूट को डिजिटल टोल प्रणाली में प्रभावी ढंग से लागू करना है।



