*अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने के आरोप में माता-पिता ने विनोद आर्य व अधिवक्ता के खिलाफ दी तहरीर* *दिवंगत बेटी का चरित्र हनन करने का आरोप, राजपुर थाना पुलिस जांच में जुटी*

### *अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने के आरोप में माता-पिता ने विनोद आर्य व अधिवक्ता के खिलाफ दी तहरीर*

 

*दिवंगत बेटी का चरित्र हनन करने का आरोप, राजपुर थाना पुलिस जांच में जुटी*

 

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। दिवंगत अंकिता के माता-पिता रविवार देर शाम समाजसेवी योगिता भयाना के साथ राजपुर थाने पहुंचे और पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य तथा उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ लिखित शिकायत दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक कर उसे तोड़-मरोड़कर पेश किया गया और उनकी दिवंगत बेटी का चरित्र हनन करने का प्रयास किया गया। पुलिस शिकायत की जांच कर रही है।

 

अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी ने थाने के बाहर वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा व्यक्त की। मां सोनी देवी ने कहा कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उसकी निजी चैट सार्वजनिक कर उसे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों और कथित वीआईपी को बचाने के प्रयास में माता-पिता को ही कटघरे में खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई बात रखनी थी तो उसे अदालत में रखना चाहिए था, न कि प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिवंगत बेटी के चरित्र पर सवाल उठाने चाहिए थे।

 

माता-पिता के साथ मौजूद समाजसेवी योगिता भयाना ने भी कथित चैट सार्वजनिक किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल अधिवक्ता का बार लाइसेंस रद्द करने की मांग उठाई। परिजनों का कहना है कि इस घटनाक्रम से उनका परिवार बेहद आहत है और बेटी को बदनाम करने के प्रयास के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

 

दरअसल, पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य ने 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में अपने बेटे पुलकित आर्य का मुकदमा लड़ रहे अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने अंकिता और जम्मू निवासी उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई बताई जा रही व्हाट्सऐप चैट के चार हजार से अधिक पन्नों का हवाला देते हुए कई दावे किए थे। उन्होंने दावा किया था कि अंकिता अपने माता-पिता और मित्र के व्यवहार से परेशान थी तथा उसकी मौत हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या थी। इन दावों के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया।

 

इससे पहले 16 नवंबर को पहाड़ी महासभा ने हरिद्वार नगर कोतवाली में शिकायत दी थी। वहीं, अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने एसपी सिटी के माध्यम से डीजीपी को ज्ञापन भेजकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 के तहत मुकदमा दर्ज करने और आर्य परिवार की संपत्ति जब्त करने की मांग की थी। अब अंकिता के माता-पिता की ओर से राजपुर थाने में दी गई शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement