### *25 साल बाद चतुर्वेदी फार्म से चीमा फार्म तक बनेगी हाटमिक्स सड़क*
*महापौर ने एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली सड़क का किया शुभारंभ, क्षेत्रवासियों ने जताया आभार*
रुद्रपुर। शहर के वार्ड संख्या 16 में चतुर्वेदी फार्म से चीमा फार्म तक करीब एक किलोमीटर लंबी हाटमिक्स सड़क का निर्माण कार्य सोमवार को शुरू हो गया। करतारपुर रोड स्थित इस मार्ग के निर्माण पर एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। करीब 25 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों को कार्य शुरू होने पर राहत मिली। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने महापौर विकास शर्मा का स्वागत कर मिठाई बांटते हुए आभार जताया।
महापौर विकास शर्मा ने नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान करना निगम की प्राथमिकता है। सड़क, नाली, सफाई और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि इनका लाभ शहर के प्रत्येक मोहल्ले तक पहुंच सके।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इसके बाद अब जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर हाटमिक्स सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। चतुर्वेदी फार्म से चीमा फार्म तक सड़क निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे अब पूरा करने की दिशा में काम शुरू हो गया है। सड़क बनने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही मार्ग पर स्थित सत्संग भवन में आने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सड़कें शहर के विकास की आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़कें आवागमन को सुगम बनाने के साथ व्यापार, सामाजिक गतिविधियों और जनजीवन को भी गति देती हैं। नगर निगम का प्रयास है कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे हों। जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। शहर को आदर्श नगर बनाने के लक्ष्य के साथ विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में सत्संग भवन श्री सद्गुरु भगवान दास के सेवादार महेश चंद्र भाटिया, गुलशन जुनेजा, सुनील जुनेजा, गोपाल चड्ढा, राजीव भाटिया, हिमांशु भाटिया, यश अरोरा, सुरेश कुमार, देवेंद्र जुनेजा, स्वयं भाटिया, राकेश डूडेजा, भारत भूषण सिडाना, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, वार्ड 16 के पार्षद प्रमोद शर्मा, वार्ड 28 के पार्षद चिराग कालरा, वरिष्ठ पत्रकार अजय चड्ढा, जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, मंडल अध्यक्ष मयंक गौरव जुयाल, प्रवीन यादव, पार्षद पवन राणा, मंडल अध्यक्ष मयंक तिवारी, मंडल अध्यक्ष अक्षय अरोरा, भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष अरुण दीक्षित, अखिलेश चतुर्वेदी, सोनू चीमा और दीपचंद यादव समेत क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।



