*बड़े बहुमत के साथ हैट्रिक लगाएगी भाजपा, कार्यकर्ताओं को जीत का संकल्प लेकर मैदान में उतरने का आह्वान : धामी* *प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन, जनआशीर्वाद यात्रा और संगठन विस्तार की रणनीति होगी तय*

### *बड़े बहुमत के साथ हैट्रिक लगाएगी भाजपा, कार्यकर्ताओं को जीत का संकल्प लेकर मैदान में उतरने का आह्वान : धामी*

 

*प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन, जनआशीर्वाद यात्रा और संगठन विस्तार की रणनीति होगी तय*

 

हरिद्वार। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने की कवायद तेज कर दी है। हरिद्वार में आयोजित प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जा रही है। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर मैदान में उतरेंगे। सरकार बनाने के लिए लाखों कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की जो गंगा प्रवाहित हो रही है, उसे और तेज गति से आगे बढ़ाने के लिए भाजपा बड़े बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी और हैट्रिक लगाएगी।

 

कार्यसमिति की बैठक में संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा बूथ, मंडल और जिला स्तर पर आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए जनआशीर्वाद यात्रा के माध्यम से प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। बैठक में राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी रखी जाएगी।

 

बैठक में दोपहर बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। उनके पार्टी पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र देने की उम्मीद है। संगठन और सरकार में लंबे अनुभव के आधार पर उनका मार्गदर्शन प्रदेश भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है।

 

बीते दिनों भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष ने देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य को लेकर रणनीति बनाई थी। उन्होंने प्रदेशभर में जनआशीर्वाद यात्रा और संवाद कार्यक्रम दिसंबर तक आयोजित करने का लक्ष्य दिया था। अब प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और जीत की रणनीति को आगे बढ़ाने पर मंथन किया जा रहा है।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement