*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन, 89 वर्ष की आयु में पंचूर गांव में ली अंतिम सांस* *मां के अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव पहुंचे मुख्यमंत्री, शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर होगा अंतिम संस्कार*

### *मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन, 89 वर्ष की आयु में पंचूर गांव में ली अंतिम सांस*

 

*मां के अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव पहुंचे मुख्यमंत्री, शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर होगा अंतिम संस्कार*

 

पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। मां के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देर शाम पैतृक गांव पहुंचे। मां के पार्थिव शरीर के दर्शन करते समय मुख्यमंत्री भावुक हो गए।

 

सावित्री देवी के निधन से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री ने परिजनों से बातचीत के दौरान बताया कि उनकी माता का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार स्थित चंडी घाट पर किया जाएगा। माता के निधन के बाद मुख्यमंत्री के सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी वर्ष मई में हुई थी। सात मई को वह दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही परिजनों से मुलाकात की थी। आठ मई को पैतृक आवास पर पहुंचकर उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था। यह मुलाकात मां-बेटे की आखिरी मुलाकात साबित हुई।

 

संन्यास ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारिवारिक मुलाकातें सीमित रही हैं, लेकिन अपने पैतृक गांव और परिवार के प्रति उनका जुड़ाव हमेशा बना रहा। सावित्री देवी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement