*दीपावली पर ठेका और आउटसोर्स कार्मिकों को बोनस देने की मांग*
*पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन, सेवा प्रदाता एजेंसियों को निर्देश देने का किया आग्रह*
पंतनगर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पंतनगर विश्वविद्यालय की प्रबंधन परिषद के सदस्य पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने दीपावली पर विश्वविद्यालय में कार्यरत समस्त ठेका एवं आउटसोर्स कार्मिकों को बोनस अथवा प्रोत्साहन राशि देने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में राजेश शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा, कृषि प्रक्षेत्रों, प्रयोगशालाओं और विभिन्न कार्यालयों की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में ठेका एवं आउटसोर्स कार्मिकों की अहम भूमिका है। ये कर्मचारी सीमित पारिश्रमिक के बावजूद पूरी निष्ठा और मेहनत से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर बोनस का लाभ नहीं मिल पाता है।
उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में बोनस या प्रोत्साहन राशि इन कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए त्योहार की खुशियों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं में उनके योगदान को देखते हुए उनके हितों के प्रति संवेदनशीलता दिखाना आवश्यक है।
राजेश शुक्ला ने कुलपति से आग्रह किया कि संबंधित सेवा प्रदाता एजेंसियों और ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि विश्वविद्यालय में कार्यरत सभी ठेका एवं आउटसोर्स कार्मिकों को दीपावली पर बोनस अथवा प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित हो सके।


