*रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली आज से, 12 अक्टूबर तक चलेगी*
रुड़की। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली मंगलवार से रुड़की में शुरू होगी। भर्ती रैली 12 अक्टूबर तक चलेगी। जिलेवार जारी कार्यक्रम के अनुसार लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे। इस दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत दौड़ समेत विभिन्न परीक्षण कराए जाएंगे। अग्निवीर क्लर्क-एसकेटी पद के लिए आयोजित होने वाली इस भर्ती रैली में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
अभ्यर्थियों को लाने होंगे जरूरी दस्तावेज
भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर रैली स्थल पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र और 20 पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लानी होंगी। इसके अलावा शैक्षणिक प्रमाणपत्र, मूल निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, स्कूल चरित्र प्रमाणपत्र, धर्म प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र और अविवाहित प्रमाणपत्र भी साथ रखना अनिवार्य है।
भर्ती अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाने की अपील की है। ऑनलाइन सत्यापन के दौरान मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी। एनसीसी अथवा खेलकूद से संबंधित प्रमाणपत्र रखने वाले अभ्यर्थियों को इनके मूल प्रमाणपत्र भी साथ लाने होंगे। सभी मूल दस्तावेजों की तीन-तीन छायाप्रतियां लाना अनिवार्य किया गया है। रैली स्थल पर ही आवश्यक शपथ पत्र तैयार कराने की व्यवस्था भी रहेगी।
जिलेवार कार्यक्रम
5 अक्टूबर: उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ के अभ्यर्थियों के साथ उत्तर प्रदेश के बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, श्रावस्ती और सीतापुर के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
10 अक्टूबर: लखनऊ, औरैया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, महोबा और उन्नाव के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली निर्धारित है।
12 अक्टूबर: वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, आजमगढ़, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत संबंधित जिलों के अभ्यर्थी भर्ती रैली में शामिल होंगे।
भर्ती अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि के अनुसार समय पर रैली स्थल पहुंचने तथा सभी मूल दस्तावेज और उनकी आवश्यक छायाप्रतियां साथ लाने की अपील की है।


