*छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव कुशवाहा ने विधायक शिव अरोरा से की शिष्टाचार भेंट*
रुद्रपुर। रुद्रपुर डिग्री कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्वाचित गौरव कुशवाहा ने मंगलवार को विधायक आवास पहुंचकर विधायक शिव अरोरा से शिष्टाचार भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। विधायक ने गौरव कुशवाहा को जीत की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में गौरव कुशवाहा छात्र हितों और महाविद्यालय के विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं को साथ लेकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान कराने के साथ ही कॉलेज के विकास को भी गति मिल सके।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में छात्र हित और महाविद्यालय के विकास को ध्यान में रखते हुए पूर्व में भी विभिन्न कार्य कराए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि गौरव कुशवाहा भी सभी को साथ लेकर जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
विधायक ने छात्रसंघ अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि कॉलेज और छात्र हित से जुड़े कार्यों में उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ नेतृत्व विद्यार्थियों की समस्याओं और आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ किया जाना चाहिए।
इस दौरान छतरपुर प्रधान हरीश भट्ट, धर्मपुर प्रधान दीपक गोस्वामी, संजय कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


